इन्टरनेट लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
इन्टरनेट लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 11 अक्टूबर 2012

ब्रह्मचर्य के लिए इन्टरनेट, खतरा या मददगार?

जो लोग ब्रह्मचर्य को ही अपना लक्ष्य मानते हैं, वे अच्छी तरह से जानते हैं कि इन्टरनेट इसके लिए कितना बड़ा खतरा पेश करता है। हमारा उद्देश्य इस लेख के जरिये यह जानना है कि इसे किस तरह इस तथ्य के बावज़ूद अपने विकास में मददगार के रूप में उपयोग किया जा सकता है।

इन्टरनेट एक अन्तर्राष्ट्रीय तथा साझा चलने वाला नेटवर्क है, जो प्राइवेट और सरकारों के कंप्यूटरों और सर्वरों के जुड़ने से बना है।
जाहिर है इसपर किसी एक सरकार का प्रभुत्व संभव नहीं है और है भी नहीं। और इसपर देश-विदेश की कई सारी संस्कृतियों और समाजों, मान्यताओं और विचारधाराओं के पाठ्य स्वच्छन्द विचरण करते मिल जाएँगे। ऐसे में यह तो संभव नहीं की हम इसकी वेबसाइटों पर श्लीलता के, शिष्टता के या संस्कृति के कुछ मानक जबरन लागू कर सकें।
ऐसे में जो युवजन इन्टरनेट पर अपना ज्ञान बढ़ाने या स्वस्थ मनोरंजन के लिए कदम रखते हैं कुछ वेबसाइटों द्वारा उन पर भी बार-बार असभ्य चित्रों और शब्दावली का चारा फेंका जाता है, और जाहिर है कई लोग फँस भी जाते हैं। मुझे यहाँ जो फँसना ही चाहते हैं उनके फँसने पर रोना नहीं रोना है। न ही मुझे यहाँ यह कहना है कि यह भारत का दुर्भाग्य है, आदि आदि। (दुर्भाग्य-सौभाग्य तो समय-चक्र के खेल हैं। और जो फँसना ही चाहते हैं, उन्हें उसका परिणाम भी इसी जन्म में कम या ज्यादा देखना ही होता है।) हम यहाँ उन पुरुषसिंहों और वीरों की बात कर रहे हैं जो अपनी जीवनशक्ति का संरक्षण कर उसे महानतम कार्यों में लगाना चाहते हैं और जिनकी आनन्द की परिकल्पना छोटी नहीं बल्कि बहुत विशाल है।
इन्टरनेट पर कार्य करना ऐसे युवकों के लिए कभी-कभी चुनौती बन जाता है, खासकर तब जबकि अकेले या अलग बैठकर कार्य करना पड़े। ऐसा क्या किया जाये कि इन्टरनेट के खतरों से सफलतापूर्वक निपटा जा सके?

पहली बात तो यह है कि अगर इन्टरनेट पर कार्य करना ही पड़ रहा है तो इसके अच्छे पक्षों का चिन्तन ज्यादा करें और बुरे पक्षों का जितना हो सके कम से कम करें (हालाँकि खतरों के प्रति सावधानियाँ कम कदापि न करें)। अच्छे पक्ष जैसे- ज्ञानवर्धक वेबसाइटें, चरित्र-व्यक्तित्व निखारने वाले ब्लॉग, विभिन्न प्रकार के ट्यूटोरियल - यकीनन इन्टरनेट पर इन सबकी भी भरमार है, और कोई भी व्यक्ति चाहे कितना भी पाश्चात्य क्यों न हो अन्ततः दिमाग के बल पर ही जीता है, रोजी रोटी कमाता है। इसीलिए इन्टरनेट पर इन ज्ञानवर्धक सामग्रियों के दिन सदा ही अच्छे रहेंगे।
इन्टरनेट का उपयोग किसी की मौजूदगी में ही करें तो अच्छा है। लेकिन यदि अकेले में करना पड़े तो ये तरीके अपना सकते हैं-
अपने कंप्यूटर के डेस्कटॉप पर किसी महापुरुष का (जिसकी महानता में आपका दृढ़ विश्वास है), या अपने परिवार के प्रियजनों का चित्र लगाएँ (इस दूसरी विधि से आपको अपनी जिम्मेदारी का अहसास रहेगा)। या फिर ऐसा चित्र अपने सामने रखें। साथ ही मन में यह विचार भी दृढ़ कर लें कि "यदि इस बैठक के बाद मैं सुरक्षित बाहर निकला तो शरीर का बहुत बड़ा फ़ायदा होगा, जबकि क्षणिक सुख में उलझने से केवल उतने समय के बाद पछतावा ही पछतावा होगा, और कसूरवार केवल समय का एक छोटा सा पल होगा, जिसे मैं फिर विपरीत दिशा में नहीं चला सकता हूँ, (बेचारा लाचार मैं)। लेकिन वही मैं, ठीक अभी इस समय का राजा हूँ , और इसे अपनी मनपसंद दिशा में ले जाने की पूरी कमान मेरे पास है। तो क्यों न लंबे समय के सुख के लिए छोटे सुख से लड़ा जाये उसे हरा दिया जाये।" (आपके शब्द कुछ और हो सकते हैं, जैसा आपको असरदार लगे)।

अपने ब्राउसर के कुछ टैब में ब्रह्मचर्य युक्त विचारों की वेबसाइटें खोलकर रखें और बीच-बीच में उन्हें पढ़ते रहें। यह बहुत प्रभावी तरीका है। विचारों की काट विचारों से ही होती है, और सद्विचारों से बड़ा बल आजतक दुनियाँ में देखा नहीं गया है।

यहाँ तक कि ब्रह्मचर्य युक्त विचारों वाली वेबसाइटों की खोज भी कर सकते हैं (लेकिन सावधानी से)। यकीन मानिए संगति में बड़ा बल  होता है। जब हम यह बात पहले ही जानते हैं कि स्वाभाविक रूप से अधिकांश मनुष्य भोगों में ही सार देखते हैं, तो फिर हमें यह भी मानना होगा कि ब्रह्मचर्यव्रत धारने वालों के लिए दिनभर का कार्यव्यापार वास्तव में उसे हल्की संगति ही उपलब्ध कराता है, और इसके बावजूद कुछ लोग ब्रह्मचर्य में सफल होते हैं तो यह उनकी महानता ही है।

कुल मिलाकर कथ्य यह है कि ब्रह्मचर्य के पक्षधर लेख आप पढ़ते रहें तो आपका मन आपको धोखा नहीं देगा, क्योंकि तब आपके मन को पता चल जायेगा कि यह केवल आपका नहीं दुनियाँ के कई-कई लोगों का अनुभव है कि ब्रह्मचर्य से महान आनन्द मिलता है- यह एक प्रभावी बल होगा जो आपको ब्रह्मचर्य पर दृढ़ रखेगा।

यदि आप घर या कार्यस्थल से इन्टरनेट ऐक्सेस करते हैं, तो एक बड़ी परेशानी यह हो सकती है कि भले ही एक कार्य-संबंधी या ठीक-ठाक श्लील वेबसाइट खुली हो, उसपर के विज्ञापन भौंडे चित्र या एनीमेशन दिखा रहे हो सकते हैं। ऐसे में कुछ तकनीकी औजारों (टूल्स) की सहायता से उनसे निपटा जा सकता है।



वेबसाइट में से इमेजेस (चित्र) छिपाने वाले टूल्स (औजार)- 


1. फायरफॉक्स पर- https://addons.mozilla.org/en-us/firefox/addon/hideimages/
इस टूल का उपयोग करने पर किसी भी चित्र (इमेज) पर राइट-क्लिक करने से hide image तथा unhide image के विकल्प दिखेंगे। अपनी जरूरत के अनुसार व्यर्थ चित्रों को हाइड करके विजेता सम्राट् की तरह मनपसंद सामग्री पढ़ें।
इस टूल को कभी अक्षम (disable) करना पड़े तो add-ons manager में जाकर टूल के नाम के सामने disable पर क्लिक करें।

2. क्रोम पर, यह केवल विज्ञापन हटाने का दावा करता है, वैसे ज्यादातर व्यर्थ चित्र विज्ञापनों में ही होते हैं, अतः कुछ हद तक प्रभावी है - https://chrome.google.com/webstore/detail/adblock/gighmmpiobklfepjocnamgkkbiglidom
यदि टूल को अक्षम करना हो तो मैनू में सेटिंग्स पर क्लिक करें, फिर जो पेज खुले उसमें एक्सटेन्शन्स पर क्लिक करें तथा enabled को uncheck करें।

अपने ब्राउसर के अनुसार, लिंक पर क्लिक करके पेज पर पहुँच सकते हैं। और फिर Add to Firefox या Add to Chrome पर क्लिक करके आप अपने ब्राउसर को रीस्टार्ट (close करके फिर से open) कीजिये। यह टूल काम करने लगेगा।

प्रत्याख्यान (disclaimer)- उपर्युक्त टूल इस लेख के लेखक ने डेवलप नहीं किये हैं, अतः इनके संबंध में किसी प्रकार की जिम्मेदारी लेखक पर नहीं है। कृपया साइबर-सुरक्षा की सावधानियों का ध्यान रखें।


यदि साइबर कैफ़े पर जा सर्फ़िंग करने जा रहे हैं तो प्रयास करें कि उस कंप्यूटर पर बैठें जो दूसरों की निगाह में हो, इससे सर्फ़िंग नियन्त्रित दिशा में रहेगी।

और भी कई सारे उपाय हैं और विवेकवान व्यक्ति खुद भी थोड़ा सोचकर उपाय ढूँढ सकते हैं- जैसे अकेले घर में सर्फ़िंग करने पर मुख्यद्वार खुला रखकर सर्फ़िंग करने से नियंत्रण बना रहेगा (लेकिन घर की सुरक्षा का भी ध्यान रखें :) ).

इस तरह हम देखते हैं कि इस इन्टरनेट को जो ब्रह्मचर्य के लिए खतरा पेश करता है, सही तरीके से उपयोग किया जाये तो सही विचारों के संचय में मददगार बनाया जा सकता है। हमारे सामने चुनौतियाँ तो आती ही रहेंगी, हमारा कार्य है बुद्धि और प्रज्ञा  का उपयोग करके उनसे बाहर निकलना। अगर हम खुद काम-वासना से पीछे हटेंगे तो वह नष्ट हो ही जायेगी, उसमें इतना दम नहीं कि उसके बाद भी हमें हाँक सके, वास्तव में काम-वासना को दम आप ही दे रहे हैं। इसलिए दम फिर भी आपमें ही ज्यादा है। कहा भी है-

संकल्पात् जायते कामः, सेव्यमानो विवर्धते।
यदा प्राज्ञो निवर्तते तदा सद्यः प्रणश्यति।।

अर्थ- संकल्प (यानी हमारे खुद के सोचने) से ही काम-वासना उत्पन्न होती है, तथा हमारे द्वारा सेवन किये जाने से ही बढ़ती है। जब प्राज्ञ व्यक्ति इससे पीछे हट जाता है तो तुरंत ही यह काम-वासना नष्ट हो जाती है।

शुभकामनाएँ...!

बुधवार, 18 जनवरी 2012

ब्रह्मचर्य साधना और आधुनिक तकनीकी का उपयोग


पहला प्रश्न यह उठता है कि क्या ब्रह्मचर्य साधना के लिए उन्नत या आधुनिक तकनीकों का आश्रय लेने में कोई तुक है?
इस पर विचार कर लेते हैं।
किसी भी परीक्षा में सफल या असफल होना तो कई बातों पर निर्भर है (जिनमें शायद भाग्य भी एक है) लेकिन परीक्षा में सफलता के लिए कुछ साधनों का उपलब्ध होना तो बहुत जरूरी हैं। यह तो हम ऍडवान्स में ही जानते हैं कि अगर सफल नहीं हुए तो इसपर  सन्तोष कर लेंगे कि कम-से-कम हमने मेहनत तो की। लेकिन यदि आप मेहनत करने के साथ-साथ किन साधनों के साथ मेहनत करनी है, किन तकनीकों के साथ मेहनत करनी है, यह नहीं जानते तो आप अपनी मेहनत के साथ खुद ही अन्याय करते हैं। फिर आप असफल होने पर कह भी लीजिये कि मेहनत तो की, लेकिन यह लगभग पहले ही निश्चित था कि मेहनत का क्या होगा। क्या सही तकनीकों और साधनों को जुटाना मेहनत का अंग नहीं है? तो फिर उनकी उपेक्षा क्यों की जाये। क्या छात्र का पढ़ने के लिए टेबल की माँग करना अनुचित है? क्या बाँसुरी सीखने वाला अच्छी क्वालिटी की बाँसुरी (भले ही वह थोड़ी मँहगी हो) के बिना सुर की बारीकियाँ सीख सकता है?  तो फिर ब्रह्मचर्य जैसी महान् परीक्षा के लिए बाहरी साधनों की उपेक्षा कैसे कर दी जाये? इसलिए हम यहाँ बतायेंगे कि ब्रह्मचर्य के लिए किन किन आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा सकता है।

गूगल डाक्युमेन्ट्स - गूगल डॉक्युमेन्ट्स आपको सर्वत्र उपलब्ध माइक्रोसॉफ़्ट वर्ड (Microsoft Word) के समान सुविधा देता है (हालाँकि इसके लिए इन्टरनेट उपलब्ध होना जरूरी है)। और इसीलिए अपने ब्रह्मचर्य से सम्बन्धित अनुभवों को आप गूगल डॉक्युमेन्ट्स में यथासमय दर्ज करते रह सकते हैं। दरअसल कॉपी-पेन से ऐसे अनुभव लिखने से हम अपनी निजता को खतरा महसूस कर सकते हैं। जो गूगल डॉक्युमेन्ट्स में काफ़ी कम है, अपने ऍकाउन्ट को हम खुद ही ऍक्सेस करते हैं। लेकिन फिर भी अपने विचारों को सन्तुलित भाषा में दर्ज करना स्वयं के भी हित में है।

मोबाइल फ़ोन पर रिमाइन्डर - यदि हम जानते हैं कि किसी समय विशेष पर हमारे संकल्प डिगने लगते हैं, तो प्रातःकाल (प्रायः यही समय सबसे सात्त्विक अनुभव का होता है) मोबाइल फ़ोन पर उस समय का रिमाइन्डर लगाकर अपना सर्वश्रेष्ठ संकल्प दर्ज कर सकते हैं, जिससे समय रहते हमें अपना संकल्प पुनः स्मरण हो जाये। और हाँ, ऐसा रिमाइन्डर ऐसी भाषा में दर्ज करें जो आपके मन-मस्तिष्क को सबसे ज्यादा छूती हो।

कम्प्यूटर - अपने कम्प्यूटर के वॉलपेपर पर ऐसा चित्र लगायें जिसे देखते ही ब्रह्मचर्य की ओर सहज वृत्ति जाग्रत हो। आप किसी महापुरुष का चित्र लगा सकते हैं।
इन्टरनेट पर अनुचित सामग्री देखने की वृत्ति से बचने के लिए भी यह उपाय सहायक होता है। कुछ लोग अपने परिवार के सदस्यों का फ़ोटोग्राफ़ वॉलपेपर के रूप में लगाकर भी इस बुराई से दूर रह पाते हैं।
कम्प्यूटर में आप ब्रह्मचर्य के विचारों को एक साथ संग्रह करके भी रख सकते हैं और उन्हें प्रतिदिन पढ़ने से ब्रह्मचर्य की वृत्ति का विकास होता रहता है। जिस दिन आपको इन्टरनेट उपलब्ध न हो सके (यानी जब भूमध्य सागर में तार टूट जाये :) ) और आप नेट पर ब्रह्मचर्य विषयक सामग्री पढ़ने में अक्षम हों, तब आप ऐसे संगृहीत विचारों का उपयोग कर सकते हैं।

टी.व्ही./प्लेयर पर भजन/प्रेरक गीत सुनना - यह तकनीकी तो इतना आम है कि इसे आधुनिक तकनीक की श्रेणी में गिनना भी मुश्किल लगता है। इससे भी आत्मोद्धार होता ही है। हमारे यहाँ यह सर्वमान्य है कि सद्वाक्य चाहे जैसे भी कानों में पड़ें आखिर भला ही करते हैं।
यदि इस प्रकार भजन सुनकर हम अपने आप को अधोगामी वृत्तियों से बचा पाते हैं तो इससे बड़ा लाभ क्या होगा। मन को कहीं तो आश्रय चाहिये, यदि भजनों इत्यादि में आश्रय दे दिया जाये तो मन को गलत जगह जाने का खाली समय ही नहीं मिलेगा। प्रेरक गीतों को सुनने से आत्मबल भी बढ़ेगा।

इसी प्रकार जो भी उन्नत या आधुनिक तकनीकें ब्रह्मचर्य एवं संयम के पालन में सहायक हो सकती हों उनका उपयोग किया जा सकता है। याद रखें, तकनीकी तो तटस्थ (न्यूट्रल्) है, उसका सदुपयोग या दुरुपयोग व्यक्ति पर निर्भर है। अतः तकनीकों का सदुपयोग करके हम उन तकनीकों से श्रेष्ठतम लाभ भी प्राप्त कर पायेंगे।

॥ शुभकामनाओं सहित